बीकानेर: ओवरस्पीड SUV हवा में 10 फीट उछली, कार सवार दो लोगों की मौत

बीकानेर। शहर के उदासर फांटा स्थित सागर रोड पर शुक्रवार देर रात तेज रफ्तार एसयूवी कार अनियंत्रित होकर भीषण हादसे का शिकार हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार ने सबसे पहले स्कूटी सवार दो लोगों को टक्कर मारी। इसके बाद कार करीब 500 से 600 फीट तक अनियंत्रित होकर लहराती हुई आगे बढ़ी और रास्ते में एक गाय को चपेट में लेने के बाद बिजली का पोल तोड़ दिया।
पोल तोड़ने के बाद भी कार नहीं रुकी और आगे बढ़ते हुए दो दुकानों के सामने से निकलकर एक होटल के बाहर खड़ी कार से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एसयूवी करीब 10 फीट तक उछल गई और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार के एयरबैग खुलने के बावजूद उसमें सवार दो युवकों की मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के दौरान कार में सवार दोनों युवक आगे का शीशा तोड़कर बाहर जा गिरे। एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। पुलिस को वाहन से एक आधार कार्ड मिला है, जिसमें इंद्रा कॉलोनी स्थित मस्जिद के पास का पता दर्ज है। वहीं, स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उस पर सवार व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर क्षतिग्रस्त बिजली पोल हटाया गया और विद्युत आपूर्ति बहाल करवाई गई। खिदमतगार खादिम सोसायटी और असहाय सेवा संस्थान के सदस्यों ने भी राहत कार्य में सहयोग किया। शुरुआती जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार माना जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसा देर रात हुआ, इसलिए सड़क पर आवाजाही कम थी और बड़ा हादसा टल गया। यदि उस समय यातायात अधिक होता तो जनहानि कहीं ज्यादा हो सकती थी। पुलिस ने दोनों मृतकों के शव मोर्चरी में रखवाकर परिजनों को सूचना दे दी है।