राजस्थान: CBN की बड़ी कार्रवाई, ट्रक से 1868 किलो डोडा चूरा जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार

post 294 (1)

राजस्थान में नशे की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) ने एक ट्रक से भारी मात्रा में अवैध डोडा-पोस्त की खेप जब्त की है। सीबीएन की जयपुर सेल ने कार्रवाई करते हुए तस्करी के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो के अधीक्षक धर्मेंद्र कुमार सोती ने रविवार को बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर मनोहरपुर-शाहपुरा टोल प्लाजा के पास एक संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें 1868.330 किलो अवैध डोडा चूरा बरामद हुआ।

विशेष सूचना के बाद की गई कार्रवाई:-

अधीक्षक सोती ने बताया कि 15 मई की रात सीबीएन को सूचना मिली थी कि छत्तीसगढ़ नंबर का एक ट्रक भारी मात्रा में मादक पदार्थ लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग-48 के रास्ते मारवाड़ क्षेत्र की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर एक विशेष टीम गठित की गई और मनोहरपुर-शाहपुरा टोल प्लाजा के पास निगरानी बढ़ाई गई। काफी देर तक निगरानी के बाद संदिग्ध ट्रक की पहचान कर उसे रोक लिया गया।

74 कट्टों में छिपाकर ले जाया जा रहा था डोडा चूरा:-

तलाशी के दौरान ट्रक में पॉलीथिन के 74 कट्टे मिले, जिनमें कुल 1868.330 किलो अवैध डोडा चूरा भरा हुआ था। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि नशीले पदार्थ की खेप को ट्रक में छिपाकर ले जाया जा रहा था। सीबीएन ने डोडा चूरा और तस्करी में इस्तेमाल ट्रक को जब्त कर लिया है। साथ ही ट्रक के मालिक और चालक को एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है।

सप्लाई नेटवर्क की जांच जारी:-

अधिकारियों के अनुसार अब यह पता लगाया जा रहा है कि जब्त की गई खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। पूरे सप्लाई नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।