Rajasthan: ACB की बड़ी कार्रवाई, बीमा शाखा प्रबंधक 10 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार

चित्तौड़गढ़: राजस्थान में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई जारी रखते हुए एसीबी ने शनिवार को कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) की शाखा प्रबंधक संदीपा वोहरा को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई उदयपुर एसीबी स्पेशल यूनिट ने की।
जानकारी के अनुसार, हिंदुस्तान जिंक चंदेरिया में एल एंड टी कंपनी में कार्यरत एक कर्मचारी अगस्त 2025 में ड्यूटी के दौरान लकवाग्रस्त हो गया था। कर्मचारी के मेडिकल बिलों के भुगतान और मेडिकल लीव राशि मंजूर करने की प्रक्रिया में कथित तौर पर रिश्वत की मांग की जा रही थी। आरोप है कि शाखा प्रबंधक संदीपा वोहरा ने इस काम के एवज में पीड़ित परिवार और कंपनी के एचआर मैनेजर पर दबाव बनाते हुए रकम मांगी।
शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपी अधिकारी पहले भी इसी प्रकार के मामलों में कई बार रुपये ले चुकी थीं। आरोप है कि कंपनी के एचआर मैनेजर और पीड़ित परिवार से अलग-अलग मौकों पर करीब 40 हजार रुपये की अवैध वसूली की गई। लगातार मांग और दबाव से परेशान होकर पीड़ित पक्ष ने एसीबी में शिकायत दर्ज करवाई।
शिकायत मिलने के बाद उदयपुर एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजीव जोशी के निर्देशन में टीम का गठन किया गया। 29 मई को पुलिस निरीक्षक लक्ष्मण डांगी द्वारा शिकायत का सत्यापन किया गया, जिसमें 10 हजार रुपये रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद शनिवार को एसीबी ने जाल बिछाकर कार्रवाई की। आरोप है कि जैसे ही शाखा प्रबंधक ने अपने कार्यालय में परिवादी से 10 हजार रुपये लिए, पहले से मौजूद टीम ने उन्हें मौके पर ही हिरासत में ले लिया। मामले में आगे की जांच जारी है।