Rajasthan: पति ने पीहर जाने से रोका था, नाराज मां ने 8 माह की बेटी को पिलाया तेजाब; जिंदगी-मौत से जंग से लड़ रही मासूम

अलवर। भिवाड़ी क्षेत्र में आठ महीने की बच्ची को कथित रूप से तेजाब पिलाने के मामले में नया खुलासा सामने आया है। आरोप है कि पीहर जाने को लेकर हुए विवाद के बाद मां ने मासूम को तेजाब पिला दिया। बच्ची का इलाज अलवर के शिशु अस्पताल में जारी है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार बच्ची को वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है।
पीड़ित बच्ची के पिता मोहित, निवासी नगर (डीग) हाल कैप्टन चौक सेक्टर-7 भिवाड़ी ने फेज तृतीय थाने में अपनी पत्नी सुधा के खिलाफ शिकायत दी है। पुलिस के अनुसार शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
पिता मोहित ने बताया कि वह एक निजी कंपनी में कार्यरत है। सोमवार दोपहर पत्नी ने फोन कर पीहर जाने की इच्छा जताई थी, लेकिन नई नौकरी और अवकाश नहीं मिलने का हवाला देते हुए उसने फिलहाल मना कर दिया। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर पत्नी ने फोन काट दिया। कुछ समय बाद उसकी बहन ने फोन कर जानकारी दी कि बच्ची की तबीयत अचानक बिगड़ गई है और उसके होंठ काले पड़ने लगे हैं।
सूचना मिलने पर मोहित तुरंत घर पहुंचा, तब तक परिजन बच्ची को अस्पताल ले जा चुके थे। जांच में चिकित्सकों ने बच्ची का मुंह जला हुआ पाया और हालत गंभीर होने पर उसे अलवर रेफर कर दिया। पिता का आरोप है कि पूछताछ के दौरान पत्नी ने खुद बच्ची को तेजाब जैसा पदार्थ पिलाने की बात स्वीकार की। उन्होंने इस संबंध में पत्नी पर मासूम को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया है।
परिजनों के अनुसार बच्ची की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी और उसके होंठ काले पड़ने लगे। इसके बाद उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने जांच के दौरान मुंह के अंदर जलने के निशान मिलने की बात कही। वहीं पुलिस पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।