राजस्थान: भीषण सड़क हादसा, ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, दो लोगों की मौत

राजस्थान: बाड़मेर के शिव थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नेशनल हाईवे-68 पर गंगा पेट्रोल पंप के पास जीरे से भरे ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए।
इस हादसे में कानासर के सरपंच लक्ष्मण पुत्र चेनाराम और उसके चचेरे भाई लक्ष्मण पुत्र पोकरराम की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनके रिश्तेदार उम्मेदराम पुत्र गोरखाराम गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से शिव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत नाजुक होने पर बाड़मेर रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही शिव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने ट्रक और बाइक को जब्त कर लिया है तथा हादसे की जांच शुरू कर दी है। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए।