Khatushyamji: खाटूश्यामजी में पुलिस और भक्‍तों के बीच झड़प, दो श्रद्धालुओं पर कार्रवाई

post 1682 (1)

सीकर जिले के खाटूश्यामजी में मारपीट और विवाद की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। सोमवार (20 अप्रैल) को यहां पुलिसकर्मियों और श्रद्धालुओं के बीच कहासुनी के बाद मामला हाथापाई तक पहुंच गया। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, ट्रैफिक व्यवस्था संभाल रहे पुलिसकर्मी अशोक कुमार ने श्रद्धालुओं को प्रतिबंधित मार्ग से जाने से रोका। इसी बात पर कुछ भक्त उनसे उलझ गए और बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। वायरल वीडियो में एक महिला श्रद्धालु पुलिसकर्मी से बहस करते हुए गाली-गलौज और हाथापाई करती नजर आ रही है।

घटना के बाद पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर शांति भंग के आरोप में चालान किया। हालांकि बाद में दोनों को जमानत पर रिहा कर दिया गया।

वहीं, महिला ने आरोप लगाया क‍ि पुलिसकर्मी ने उस पर और उसके साथ वालों पर हाथ उठाया और मारपीट की। इस पूरे विवाद के दौरान मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों और होमगार्ड के जवानों ने बीच-बचाव कर स्थिति को शांत कराया।

पुलिस के अनुसार, प्रतिबंधित रास्ते पर आवाजाही रोकने के दौरान यह विवाद हुआ, जिसे समय रहते काबू में कर लिया गया।