राजस्थान: जिम ट्रेनर ने पर्सनल रूम में लगा रखा था Hidden Camera, विरोध करने पर पत्नी के साथ जो किया दहला देगा दिल

राजस्थान के अजमेर जिले के किशनगढ़ में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने इलाके में हड़कंप मचा दिया। एक महिला ने अपने जिम ट्रेनर पति के खिलाफ मदनगंज थाने में मामला दर्ज करवाते हुए उस पर हिडन कैमरे से वीडियो बनाने, ब्लैकमेल करने और अश्लील सामग्री सोशल मीडिया पर वायरल करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
पीड़िता के अनुसार शादी के कुछ समय बाद उसे पति की गतिविधियों पर शक हुआ। एक दिन उसने चोरी-छिपे पति का मोबाइल चेक किया तो उसमें कई युवतियों के आपत्तिजनक फोटो, वीडियो, वॉयस रिकॉर्डिंग और चैट्स मिले। महिला ने जब इस बारे में सवाल किया तो आरोपी ने पहले इसे पुरानी बात कहकर टालने की कोशिश की, लेकिन बाद में उसके कथित काले कारनामों का खुलासा होने लगा।
महिला का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी ने उसे धमकाना शुरू कर दिया। प्रताड़ना से परेशान होकर पीड़िता कुछ सबूत अपने मोबाइल में सेव कर मायके चली गई। इसके बाद आरोपी पति ने कथित रूप से फर्जी सोशल मीडिया आईडी बनाकर अपनी पत्नी पत्नी के एडिटेड अश्लील फोटो और वीडियो इंटरनेट पर वायरल कर दिए, जिससे पीड़ित परिवार गहरे सदमे में आ गया।
एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला ने बताया कि आरोपी जिम ट्रेनर होने का फायदा उठाकर जिम में आने वाली युवतियों से दोस्ती करता था। आरोप है कि वह उन्हें बहाने से एक निजी कमरे में ले जाकर पहले से लगाए गए हिडन कैमरों के जरिए वीडियो रिकॉर्ड करता था।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि वीडियो बनाने के बाद आरोपी महिलाओं को ब्लैकमेल करता था, उनसे पैसों की मांग करता था और दूसरी लड़कियों को संपर्क में लाने का दबाव भी बनाता था। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने उसे भी इस नेटवर्क में शामिल करने की कोशिश की।
मदनगंज थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी के मोबाइल फोन, सोशल मीडिया अकाउंट्स और अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिए हैं।