राजस्थान: मंच से संबोधित करते पूर्व सरपंच को आया हार्ट अटैक, सीपीआर देने के बावजूद नहीं बची जान

post 278 (1)

राजस्थान: मंच से संबोधित करते पूर्व सरपंच को आया हार्ट अटैक, सीपीआर देने के बावजूद नहीं बची जान

Rajasthan News: उदयपुर जिले के एक सरकारी स्कूल में गणतंत्र दिवस समारोह उस वक्त मातम में बदल गया, जब मंच से संबोधन के दौरान गांव के पूर्व सरपंच को हार्ट अटैक आ गया। अचानक हुई इस घटना से समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद एक शिक्षक ने तुरंत सीपीआर देकर जान बचाने की कोशिश की, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर फैलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

मुख्य अतिथि के तौर पर हुए थे शामिल:-

यह घटना उदयपुर जिले के फलासिया ब्लॉक स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल सरादीत की है। यहां आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में खाटी कमदी पंचायत के पूर्व सरपंच भैरूलाल गोदड़ा (55) मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित थे। उन्होंने परेड की सलामी ली और इसके बाद मंच से संबोधन शुरू किया।

भाषण के दौरान बिगड़ी तबीयत:-

उद्बोधन शुरू करते ही भैरूलाल गोदड़ा अचानक लड़खड़ाकर मंच पर गिर पड़े। मंच पर मौजूद स्कूल स्टाफ और ग्रामीणों ने तुरंत उन्हें संभाला। कार्यक्रम में मौजूद प्रधानाचार्य लक्ष्मण गमेर ने बताया कि हालत बिगड़ते ही भैरूलाल को तत्काल सीपीआर दी गई।

सीएचसी से उदयपुर किया गया रेफर:-

प्राथमिक सहायता के बाद पूर्व सरपंच को स्कूल से करीब पांच किलोमीटर दूर मादड़ी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें उदयपुर के महाराणा भूपाल अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

तीन बार रहे पंचायत सरपंच:-

भैरूलाल गोदड़ा खाटी कमदी पंचायत से तीन बार सरपंच रह चुके थे और गांव में उनकी अच्छी पकड़ थी। उनके निधन की सूचना मिलते ही गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।