Crime News: किसान की बेरहमी से हत्या, घर से 600 मीटर की दूरी पर मिला टूटे हुए पैर के साथ लहूलुहान हाल में शव

post 277 (1)

Crime News: किसान की बेरहमी से हत्या, घर से 600 मीटर की दूरी पर मिला टूटे हुए पैर के साथ लहूलुहान हाल में शव

Crime News: जालोर जिले के बिशनगढ़ थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग किसान की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ऐलाना गांव स्थित एक कृषि कुएं के पास बुजुर्ग का लहूलुहान शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक के बेटे ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कराया है। खास बात यह है कि मृतक खुद हाल ही में दर्ज एक हत्या के मामले में नामजद आरोपी था।

परिजनों के अनुसार ऐलाना गांव निवासी तेजाराम चौधरी (65) सोमवार शाम खेत की रखवाली के लिए घर से निकला था। उसने गांव के ही एक व्यक्ति का खेत बंटाई पर ले रखा था, जो उसके घर से करीब 600 मीटर दूर स्थित है। रात में तेजाराम खेत में बने टीनशेड के नीचे सो गया।

मंगलवार सुबह करीब 7 बजे जब तेजाराम घर नहीं लौटा तो उसका बेटा उसे तलाशते हुए खेत पहुंचा। वहां कृषि कुएं के पास पिता का शव खून से लथपथ पड़ा मिला। शव पर सिर और कान पर धारदार हथियार से वार के गहरे निशान थे, जबकि एक पैर टूटा हुआ था।

पुलिस को दी सूचना, जांच शुरू:-

घटना की सूचना मिलते ही बेटे ने बिशनगढ़ थाना पुलिस को फोन किया। इसके बाद पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया।

हत्या के मामले में था नामजद:-

पुलिस उप अधीक्षक गौतम जैन ने बताया कि मृतक तेजाराम चौधरी, ऐलाना गांव के ही चरवाहे बूटाराम की हत्या के मामले में नामजद आरोपी था। यह हत्या 8 जनवरी को दर्ज हुई थी। इससे पहले 23 दिसंबर को बूटाराम की गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया गया था और बाद में बालोतरा के तेलवाड़ा गांव में उसका क्षत-विक्षत शव मिला था।

You may have missed