राजस्थान में कर्मचारियों-पेंशनर्स को बड़ी राहत, सरकार ने बढ़ाया 2 प्रतिशत DA… मिलेगा 4 महीने का एरियर

post 1826 (1)

बढ़ती महंगाई के बीच राजस्थान सरकार ने राज्य कर्मचारियों और पेंशनर्स को राहत देते हुए बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर 23 अप्रैल को महंगाई भत्ता (DA) और महंगाई राहत में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी को मंजूरी दी गई है। इस फैसले के बाद कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 58 प्रतिशत से बढ़कर 60 प्रतिशत हो जाएगा, जिससे लाखों कर्मचारियों और पेंशनधारियों को सीधा लाभ मिलेगा।

1 जनवरी 2026 से लागू होगा नया DA:-

सरकार के आदेश के अनुसार, सातवें वेतनमान के तहत राज्य कर्मचारियों और पेंशनर्स को 1 जनवरी 2026 से 60 प्रतिशत महंगाई भत्ता/राहत दी जाएगी। इस निर्णय से करीब 7.02 लाख कर्मचारी और 5.44 लाख पेंशनर्स लाभान्वित होंगे। पंचायत समिति और जिला परिषद के कर्मचारियों को भी इसका फायदा मिलेगा।

4 महीने का एरियर भी मिलेगा:-

बढ़े हुए महंगाई भत्ते का नकद भुगतान जून 2026 में मिलने वाले मई के वेतन के साथ किया जाएगा। वहीं 1 जनवरी से 30 अप्रैल 2026 तक की चार महीने की राशि कर्मचारियों के जीपीएफ खाते में एरियर के रूप में जमा की जाएगी।

पेंशनर्स को भी सीधा लाभ:-

पेंशनर्स को 1 जनवरी 2026 से बढ़ी हुई महंगाई राहत का नकद भुगतान किया जाएगा। इस फैसले से राज्य सरकार पर सालाना करीब 1156 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय भार आएगा।

गौरतलब है कि इससे पहले 3 अक्टूबर 2025 को राज्य सरकार ने 3 प्रतिशत महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी की घोषणा की थी, जो 1 जुलाई 2025 से लागू हुई थी।

You may have missed