राजस्थान: पत्नी के ज्यादा मोबाइल चलाने पर बढ़ा विवाद, दंपती ने की आत्महत्या की कोशिश

post 325 (1)

राजस्थान: चित्तौड़गढ़, जिले के भदेसर थाना क्षेत्र के पीपलवास गांव में पति-पत्नी द्वारा आत्महत्या के प्रयास का मामला सामने आया है। घरेलू विवाद के बाद दोनों अपने कमरे में अचेत अवस्था में मिले। परिजन उन्हें सोमवार देर रात जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां दोनों का उपचार जारी है। युवक की हालत में सुधार होने पर उसे आईसीयू से मेल मेडिकल वार्ड में शिफ्ट किया गया है, जबकि महिला का फीमेल मेडिकल वार्ड में उपचार जारी है। मामले को लेकर फिलहाल भदेसर थाने में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं हुई है।

जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. अनीस जैन के अनुसार, पीपलवास निवासी 22 वर्षीय रामलाल भील पुत्र बाबूलाल और उसकी 20 वर्षीय पत्नी सीमा को सोमवार रात अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान सीमा को होश आ गया, जबकि रामलाल की हालत में भी धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। चिकित्सकों की निगरानी में दोनों की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी के बीच पिछले कुछ समय से मोबाइल फोन को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि पति को पत्नी की फोन पर बातचीत को लेकर संदेह था, जिस कारण दोनों के बीच अक्सर कहासुनी होती रहती थी। सोमवार रात भी इसी मुद्दे को लेकर विवाद बढ़ गया।

सूत्रों के मुताबिक, विवाद के बाद दोनों ने कमरे का दरवाजा बंद कर लिया। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर परिजनों को आशंका हुई। दरवाजा खोलने पर दोनों अचेत अवस्था में मिले, जिसके बाद परिजन और पड़ोसियों की मदद से उन्हें तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू किया।