राजस्थान: ब्लाइंड मर्डर का खुलासा, पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर की पति की हत्या, शव टांके में फेंका

post 759 (1)

बाड़मेर। सदर थाना पुलिस ने एक ब्लाइंड मर्डर का पर्दाफाश करते हुए मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि प्रेम प्रसंग में बाधा बनने पर पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी और शव को पानी के टांके में फेंककर साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया।

जिला पुलिस अधीक्षक चूनाराम जाट ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश आर्य और वृत्ताधिकारी रमेश कुमार शर्मा के निर्देशन में सदर थानाधिकारी करतार सिंह के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने मामले का खुलासा किया। पुलिस ने आरोपी गुमान सिंह और मृतक की पत्नी नेतल देवी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों से पूछताछ के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया। अदालत ने नेतल देवी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया, जबकि गुमान सिंह को दो दिन के पुलिस रिमांड पर सौंपा गया है।

4 जून को टांके में मिला था शव:-

पुलिस के मुताबिक, 4 जून को महेशाराम ने अपने भाई तेजाराम का शव एक पानी के टांके में मिलने की सूचना दी थी। इस पर पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों, गवाहों के बयान और तकनीकी जांच के आधार पर गुमान सिंह और नेतल देवी की भूमिका संदिग्ध पाई गई।

इसके बाद 15 जून को महेशाराम ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोप लगाया कि उसके भाई तेजाराम की हत्या उसकी पत्नी नेतल देवी, गुमान सिंह और एक अन्य व्यक्ति ने मिलकर की है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी।

मजदूरी के दौरान खुला था राज, आए दिन होता था विवाद:-

पुलिस जांच में सामने आया कि तेजाराम की पत्नी नेतल देवी और गुमान सिंह के बीच लंबे समय से कथित प्रेम संबंध थे। तेजाराम जालोर जिले के सुठाखोई क्षेत्र में मजदूरी करता था, जहां उसे इन संबंधों की जानकारी मिली। इसके बाद पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होने लगा।

बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर नेतल देवी अपने बच्चों के साथ बाड़मेर आ गई थी। कुछ समय बाद तेजाराम भी बाड़मेर पहुंचा और गुमान सिंह से इस संबंध में बातचीत की, जिसके बाद विवाद और गहरा गया।

साक्ष्य छिपाने के लिए टांके में फेंका शव:-

पुलिस के अनुसार, इसी विवाद के चलते आरोपियों ने तेजाराम की हत्या कर दी और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को नौखड़ा-मालपुरा फांटा मार्ग स्थित हुकमाणियों का खांथा ढाणी क्षेत्र के एक पानी के टांके में फेंक दिया।

पुलिस ने बताया कि मामले के खुलासे में कांस्टेबल भरतकुमार और शंकर सिंह की विशेष भूमिका रही। फिलहाल पुलिस आरोपियों से गहनता से पूछताछ कर रही है।