Rajasthan: शिक्षा विभाग में बड़ा फेरबदल, 943 पद एक साथ खत्म, जानें पूरा मामला

post 53

Rajasthan: शिक्षा विभाग में बड़ा फेरबदल, 943 पद एक साथ खत्म, जानें पूरा मामला

Rajasthan: राजस्थान, राज्य सरकार ने स्कूली शिक्षा विभाग के मंत्रालयिक संवर्ग में बड़ा फेरबदल करते हुए पदों का पुनर्गठन किया है। इस प्रक्रिया में कनिष्ठ सहायक (पूर्व में एलडीसी) के करीब एक हजार पद समाप्त कर दिए गए हैं, जबकि उच्च पदों की संख्या में इजाफा किया गया है। यह पुनर्गठन माध्यमिक और प्रारंभिक शिक्षा विभाग दोनों में लागू किया गया है।

री-स्ट्रक्चरिंग के तहत कनिष्ठ सहायक के सर्वाधिक 943 पद घटाए गए हैं। वहीं, अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी के 412 पद बढ़ाए गए हैं। हालांकि मंत्रालयिक संवर्ग के कुल पदों की संख्या में कोई बदलाव नहीं किया गया है और यह पहले की तरह 27,041 ही रखी गई है।

वित्त विभाग की संयुक्त शासन सचिव डॉ. भारती दीक्षित द्वारा जारी आदेश के अनुसार पुनर्गठन में कटौती केवल कनिष्ठ सहायक के पदों में की गई है। विभाग में स्वीकृत 12,814 पदों में से 943 पद समाप्त किए गए, जिससे अब इनकी संख्या 11,871 रह गई है।

पुनर्गठन के बाद शिक्षा विभाग में संस्थापन अधिकारी के 102, प्रशासनिक अधिकारी के 164 और अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी के 412 पद बढ़ाए गए हैं।

पदनामपुनर्गठन से पूर्ववृद्धि/कमीपुनर्गठन के बाद
संस्थापन अधिकारी331102433
प्रशासनिक अधिकारी10531641217
अति.प्रशा.अधिकारी22924122704
सहा.प्रशा.अधिकारी43662314597
वरिष्ठ सहायक6185346219
कनिष्ठ सहायक1281494311871
कुल270410027041

विभागवार पदों का बंटवारा:-

नए ढांचे के अनुसार माध्यमिक शिक्षा विभाग में कनिष्ठ सहायक के 893 और प्रारंभिक शिक्षा विभाग में 50 पद समाप्त किए गए हैं। वहीं माध्यमिक शिक्षा में संस्थापन अधिकारी के 99, प्रशासनिक अधिकारी के 153, अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी के 410, सहायक प्रशासनिक अधिकारी के 197 और वरिष्ठ सहायक के 34 पद बढ़ाए गए हैं। प्रारंभिक शिक्षा विभाग में क्रमशः 3, 11, 2, 34 और शून्य पदों की वृद्धि की गई है।

आदेश के अनुसार यह पुनर्गठन 14 अक्टूबर 2025 से प्रभावी माना जाएगा। यदि किसी स्तर पर स्वीकृत पदों से अधिक कार्मिक कार्यरत हैं, तो ऐसे पद अस्थायी रूप से सृजित माने जाएंगे और कार्मिकों की पदोन्नति, सेवानिवृत्ति या स्थानांतरण के बाद ये पद स्वतः विलोपित हो जाएंगे।

कर्मचारी संघ ने जताया विरोध:-

कनिष्ठ सहायक के पदों में कटौती को लेकर शिक्षा विभागीय कर्मचारी संघ, राजस्थान ने विरोध दर्ज कराया है। संघ का कहना है कि कनिष्ठ सहायक विभागीय प्रशासन की रीढ़ हैं और इन पदों में कमी से कार्य प्रभावित होगा। संघ ने मांग की है कि प्रशासनिक कार्य मंत्रालयिक संवर्ग के कार्मिकों से ही कराए जाएं।

संघ के प्रदेशाध्यक्ष कमल नारायण आचार्य ने कहा कि कनिष्ठ सहायक के पद घटने से भविष्य में भर्ती की संभावनाएं भी समाप्त हो जाएंगी। सरकार को इस निर्णय पर पुनर्विचार करना चाहिए।

You may have missed