Rajasthan: DJ पर गाना बदलने को लेकर विवाद, भतीजे ने चाचा को उतारा मौत के घाट; शादी वाले घर में पसरा मातम

post 543 (1)

भीलवाड़ा। जिले के बागोर थाना क्षेत्र में शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब डीजे पर गाना बदलने को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। आरोप है कि भतीजे ने अपने साले के साथ मिलकर लाठी और कुल्हाड़ी से हमला कर चाचा को मौत के घाट उतार दिया।

पुलिस के अनुसार, लक्ष्मणगढ़ कॉलोनी निवासी विनोद कंजर के बेटे की चार दिन बाद शादी होने वाली थी। बुधवार रात घर में शादी समारोह के दौरान डीजे चल रहा था। इसी बीच गाना बदलने की बात को लेकर विनोद कंजर और उसके भतीजे किशन कंजर के बीच कहासुनी हो गई।

देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि किशन कंजर तथा उसके साले कमलेश कंजर ने विनोद पर लाठी और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल विनोद को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना पर बागोर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। गुरुवार सुबह एफएसएल टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए। मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

You may have missed