राजस्थान: स्कूल में पानी पीते ही बिगड़ी 13 बच्चों की तबीयत, अस्पताल में भर्ती

राजस्थान के बाड़मेर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक सरकारी स्कूल में पानी पीने के बाद अचानक 13 बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। यह घटना राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, मेघवालों की बस्ती, सनावड़ा में शनिवार (2 मई) को ‘नो बैग डे’ के दौरान हुई।
जानकारी के अनुसार, अवकाश के समय बच्चों ने स्कूल में पानी पिया, जिसके कुछ ही देर बाद एक-एक कर कई बच्चों की तबीयत खराब होने लगी। करीब 13 बच्चों को शरीर में खुजली, लाल चकत्ते और बेचैनी जैसी शिकायतें सामने आईं, जिससे स्कूल प्रशासन में हड़कंप मच गया।
अस्पताल में कराया गया भर्ती:-
स्थिति बिगड़ने पर स्कूल प्रशासन ने तुरंत 108 एंबुलेंस की सहायता से बच्चों को पहले सनावड़ा के स्थानीय अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी बच्चों को बाड़मेर मेडिकल कॉलेज के जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल सभी बच्चों का इलाज जारी है और उन्हें डे-केयर यूनिट में डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। राहत की बात यह है कि सभी बच्चों की हालत अब स्थिर और खतरे से बाहर बताई जा रही है।
जांच में जुटा प्रशासन:-
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और बच्चों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। अतिरिक्त जिला कलेक्टर राजेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। पानी के सैंपल सहित अन्य संभावित कारणों की जांच की जा रही है, जिसके बाद ही असली वजह सामने आ सकेगी।
फिलहाल इस घटना के बाद अभिभावकों में चिंता का माहौल है, वहीं प्रशासन हर पहलू से मामले की जांच में जुटा हुआ है।