ड्यूटी से लौट रहे पुलिस कांस्टेबल की सड़क हादसे में मौत, साथी युवक गंभीर घायल

ड्यूटी से लौट रहे पुलिस कांस्टेबल की सड़क हादसे में मौत, साथी युवक गंभीर घायल
जयपुर। राजधानी के सांगानेर थाना क्षेत्र में बुधवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में जयपुर पुलिस लाइन में तैनात एक कांस्टेबल की जान चली गई, जबकि उनके साथ बाइक पर सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा दुर्गापुरा स्थित कृषि अनुसंधान केंद्र के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से टकरा गई। पुलिस के अनुसार दुर्घटना बुधवार सुबह करीब 6 बजे हुई। बताया गया कि कांस्टेबल लोकेन्द्र सिंह अपनी ड्यूटी पूरी करने के बाद घर लौट रहे थे। इसी दौरान अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह हादसे का शिकार हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल ले जाने के दौरान ही कांस्टेबल की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सांगानेर थाना प्रभारी लिखमाराम ने बताया कि मृतक लोकेन्द्र सिंह (42) जयपुर पुलिस लाइन में तैनात थे और मूल रूप से अलवर जिले के सूर्यनगर हनुमान चौराहा क्षेत्र के निवासी थे। बुधवार सुबह वे नाकाबंदी ड्यूटी पूरी कर वापस लौट रहे थे। उनके साथ बाइक पर रोहित उर्फ राहुल गुप्ता (31) भी सवार था, जो मुहाना के रामपुरा रोड क्षेत्र का निवासी बताया गया है।