पाकिस्तान ने की अफगानिस्तान पर एयरस्ट्राइक, 19 लोगों की हुई मौत

पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव लगातार बना हुआ है। दोनों देशों के बीच सीमा पर समय-समय पर झड़पें होती रहती हैं और अब एक बार फिर पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में एयरस्ट्राइक कर दी है। पाकिस्तानी वायुसेना ने देर रात और तड़के सुबह अफगान हवाई क्षेत्र में प्रवेश कर कई इलाकों में हवाई हमले किए, जिससे भारी नुकसान हुआ है।
19 लोगों की मौत, 11 बच्चे शामिल
पाकिस्तानी सेना ने कुनार, खोस्त और पक्तिका प्रांतों में हवाई हमले किए। तालिबान सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद के अनुसार हमलों में नागरिकों के घरों को निशाना बनाया गया। इन हमलों में अब तक 19 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जिनमें 11 बच्चे शामिल हैं। इससे पहले मृतकों की संख्या 13 बताई गई थी।
कई लोग घायल
एयरस्ट्राइक में कई लोग घायल भी हुए हैं। घायलों को आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।
सीमा पर लगातार बढ़ रहा तनाव
पिछले एक वर्ष में पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव काफी बढ़ा है। दोनों देशों के बीच बढ़ती दुश्मनी का असर आम नागरिकों पर भी पड़ रहा है। विभिन्न हमलों और झड़पों में बीते महीनों के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की जान जा चुकी है।
तालिबान की प्रतिक्रिया पर नजर
अफगानिस्तान पर इस एयरस्ट्राइक से पाकिस्तान के दोगलेपन का फिर पर्दाफाश हो गया है। एक तरफ जहाँ पाकिस्तान, अमेरिका (United States of America) और ईरान (Iran) के बीच मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है और दोनों देशों के बीच युद्ध के स्थायी अंत के लिए हर संभव प्रयास करते हुए दोनों देशों से शांति की अपील कर रहा है, वहीँ दूसरी तरफ पाकिस्तानी सेना अफगानिस्तान में कत्लेआम मचा रही है। पाकिस्तान जहाँ अमेरिका और ईरान को शांति का संदेश दे रहा है, तो वहीँ उसकी सेना खुद इस संदेश को नज़रअंदाज़ करते हुए अफगानिस्तान में निर्दोष लोगों का खून बहा रही है।
तालिबान लेगा बदला?
पाकिस्तान के इस हमले का बदला लेने के तालिबान (Taliban) जल्द ही जवाबी कार्रवाई कर सकता है। ऐसे में बॉर्डर पर पाकिस्तानी सेना के ठिकानों पर हमलों और देश में खास तौर पर खैबर पख्तूनख्वा (Khyber Pakhtunkhwa) प्रांत में आतंकी हमले बढ़ सकते हैं।