Pachpadra Refinery Fire: एचपीसीएल का दावा—सभी इकाइयां सुरक्षित, सीएम भजनलाल आज जाएंगे पचपदरा रिफाइनरी

post 1634 (1)

राजस्थान के बालोतरा जिले स्थित पचपदरा रिफाइनरी में सोमवार को लगी भीषण आग से पूरे परिसर में हड़कंप मच गया। घटना के बाद सुरक्षा कारणों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मंगलवार को प्रस्तावित दौरा स्थगित कर दिया गया है। वहीं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मामले की उच्च स्तरीय जांच के निर्देश दिए हैं।

एचपीसीएल का बयान: सभी इकाइयां सुरक्षित

Hindustan Petroleum Corporation Limited (एचपीसीएल) ने आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि आग रिफाइनरी के क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट (CDU) सेक्शन में लगी थी। प्रारंभिक जांच में हीट एक्सचेंजर सर्किट के एक वाल्व फ्लैंज से हाइड्रोकार्बन रिसाव को संभावित कारण माना जा रहा है। कंपनी के अनुसार आग सीमित क्षेत्र तक ही रही और सीडीयू, वीडीयू सहित अन्य इकाइयों को तुरंत अलग कर दिया गया, जिससे बाकी हिस्सों पर कोई असर नहीं पड़ा।

विशेषज्ञ टीम करेगी कारणों की जांच:-

घटना के बाद रेस्क्यू टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया। हालांकि आग लगने के सटीक कारणों की पुष्टि अभी नहीं हुई है। एचपीसीएल के अनुसार, आंतरिक और बाहरी विशेषज्ञों की संयुक्त टीम इस घटना की विस्तृत जांच कर रही है और यूनिट पर इसके प्रभाव का आकलन किया जा रहा है।

सीएम ने ली जानकारी, जांच के आदेश:-

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए प्रशासन और रिफाइनरी प्रबंधन से विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है और सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए प्रधानमंत्री का दौरा फिलहाल टाल दिया गया है।

आज रिफाइनरी का दौरा करेंगे सीएम:-

ताजा कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री मंगलवार को बाड़मेर दौरे पर रहेंगे। वे जयपुर से रवाना होकर दोपहर करीब 12:35 बजे पचपदरा रिफाइनरी पहुंचेंगे और क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट के पास आग प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण करेंगे।

You may have missed