बीकानेर: बिना मान्यता चल रहे इतने स्कूलों को नोटिस, डमी एडमिशन और कोचिंग संस्थान की भी जांच

9

बीकानेर: बिना मान्यता चल रहे इतने स्कूलों को नोटिस:मान्यता अपर प्राइमरी की, डमी एडमिशन और कोचिंग संस्थान की भी जांच

बीकानेर में नियमों के विपरीत स्कूल संचालन करने वाली 60 से ज्यादा शिक्षण संस्थाओं पर शिक्षा विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग ने 40 से ज्यादा प्राइमरी और अपर प्राइमरी स्कूलों सहित 20 से अधिक सेकेंडरी स्कूलों को नोटिस जारी किए हैं। जांच में सामने आया कि कई स्कूल बिना जरूरी मान्यता के उच्च कक्षाएं चला रहे थे। वहीं डमी एडमिशन और स्कूल समय में चल रही कोचिंग क्लासेज को लेकर भी विभाग ने रिपोर्ट तैयार की है। शिक्षा विभाग की जांच में सामने आया कि कई स्कूल अपर प्राइमरी की मान्यता होने के बावजूद सेकेंडरी स्तर तक कक्षाएं चला रहे थे। वहीं कुछ सेकेंडरी स्कूल बिना अनुमति सीनियर सेकेंडरी स्तर तक संचालन कर रहे हैं। इन संस्थाओं के पास न तो माध्यमिक शिक्षा निदेशालय की मान्यता है और न ही राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड से स्वीकृति, इसके बावजूद 11वीं और 12वीं की कक्षाएं संचालित की जा रही थीं।

शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने 15 अप्रैल तक एक-एक स्कूल का निरीक्षण किया और उसकी रिपोर्ट तैयार की। इसके बाद रिपोर्ट जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक को सौंपी गई। रिपोर्ट के आधार पर संबंधित संस्थाओं को नोटिस जारी किए गए हैं। जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक किशनदान चारण ने बताया कि नोटिस के जवाब के आधार पर नियम विरुद्ध कार्य करने वाले स्कूलों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर मान्यता रद्द करने तक की कार्रवाई हो सकती है। विभाग की जांच में यह भी सामने आया कि बीकानेर शहर के कई कोचिंग संस्थान बिना मान्यता स्कूल समय में नियमित क्लासेज चला रहे हैं। शिक्षा विभाग को इस संबंध में शिकायतें भी मिली हैं। डीईओ के अनुसार कोचिंग संस्थान स्कूल समय में स्कूल जैसी कक्षाएं संचालित नहीं कर सकते। ऐसे संस्थानों के खिलाफ भी कार्रवाई प्रस्तावित है। इस संबंध में रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जा रही है। जांच में कुछ ऐसे स्कूल भी सामने आए हैं, जो केवल डमी एडमिशन कर रहे हैं। इन स्कूलों में स्टूडेंट्स का नामांकन तो किया गया, लेकिन वे नियमित पढ़ाई कोचिंग संस्थानों में कर रहे हैं। स्कूल केवल बोर्ड परीक्षा के लिए नाम उपयोग कर रहे हैं। ऐसे स्कूलों को भी नोटिस जारी किए गए हैं।