राजस्थान में तस्करी का नया तरीका: दूल्हे जैसी सजी SUV से 486 किलो डोडा पोस्त जब्त, पुलिस भी रह गई हैरान

post 185 (1)

पाली। राजस्थान के पाली जिले के देसूरी नाळ में मादक पदार्थ तस्करी का एक बेहद अनोखा मामला सामने आया है। तस्करों ने इस बार पुलिस को चकमा देने के लिए बारात की गाड़ी का रूप अपनाया। दूल्हे की कार की तरह सजी एक एसयूवी में 24 कट्टों में भरा करीब 486 किलो डोडा पोस्त ले जाया जा रहा था। गाड़ी को इस तरह सजाया गया था कि देखने वालों को यह किसी दूल्हे की कार लगे और पुलिस को शक तक न हो। एसयूवी के ऊपर रंग-बिरंगे फूल, और पीछे के शीशे पर दूल्हा-दुल्हन के नाम के साथ “12 मई 2026” की तारीख लिखी हुई थी।

देसूरी थानाधिकारी ऊर्जाराम के अनुसार, सोमवार-मंगलवार मध्यरात्रि करीब 3 बजे पुलिस और डीएसटी टीम ने मुखबिर की सूचना पर हरिओम आश्रम के पास नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान चारभुजा की ओर से आ रही संदिग्ध एसयूवी को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक नाकाबंदी तोड़कर तेज रफ्तार में फरार हो गया।

पुलिस टीम ने करीब 5 किलोमीटर तक पीछा किया। खुद को घिरता देख तस्कर देसूरी-लांपी मार्ग पर वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गए।

वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस को उसमें 24 कट्टों में भरा 486 किलो डोडा पोस्त मिला। पुलिस ने एसयूवी और मादक पदार्थ को जब्त कर लिया है तथा वाहन के आधार पर तस्करों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

गौरतलब है कि राजसमंद-पाली सीमा क्षेत्र का देसूरी नाळ लंबे समय से मादक पदार्थ तस्करी के लिए संवेदनशील माना जाता रहा है। तस्कर लगातार नए-नए तरीके अपनाकर पुलिस से बचने की कोशिश करते हैं—कभी दूध टैंकर, कभी निजी वाहन और अब शादी की गाड़ी का सहारा लिया गया है।