Murder: फसल के हिस्से के बहाने बुलाकर भाई ने की बहन की कुल्हाड़ी से हत्या

post 1616 (1)

Murder: श्रीगंगानगर जिले के रावला थाना क्षेत्र के गांव 8 डीओएल में रविवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक युवक ने अपनी ही बहन की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। मृतका की पहचान मंजू और आरोपी की पहचान उसके भाई सुरेन्द्र के रूप में हुई है। दोनों के बीच लंबे समय से कृषि भूमि को लेकर विवाद चल रहा था।

फसल का हिस्सा देने के बहाने बुलाया, फिर किया हमला

जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह सुरेन्द्र ने अपनी बहन मंजू को फसल का हिस्सा देने के बहाने घर बुलाया। इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले बैठी। गुस्से में आकर सुरेन्द्र ने घर में रखी कुल्हाड़ी से मंजू के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ी।

मंजू की चीख सुनकर पास में मौजूद युवक रामावतार मौके पर पहुंचा। उसने देखा कि मंजू खून से लथपथ फर्श पर पड़ी थी और सुरेन्द्र के हाथ में कुल्हाड़ी थी। रामावतार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

घटना स्थल पर ही मिला आरोपी:-

सूचना मिलते ही रावला थाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने सुरेन्द्र को घटनास्थल पर ही मृत बहन के शव के पास बैठा हुआ पाया और उसे हिरासत में ले लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए रावला सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।

जमीन विवाद बना हत्या की वजह:-

डीएसपी प्रशांत कौशिक के अनुसार, शुरुआती जांच में हत्या की वजह जमीन का विवाद सामने आया है। बताया जा रहा है कि घटना के समय मृतका की मां गांव 2 कालुवाला में एक शादी समारोह में गई हुई थीं, जबकि पिता का पहले ही निधन हो चुका है। जमीन के बंटवारे को लेकर भाई-बहन के बीच लंबे समय से तनाव था।

आगे की कार्रवाई जारी:-

डीएसपी ने बताया कि आगे की जांच और एफआईआर मृतका की मां के आने के बाद दर्ज की जाएगी। फिलहाल आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और ग्रामीणों में शोक का माहौल है।

You may have missed