बीकानेर शहर में फिजूल बहा लाखों लीटर पानी, घरों में घुसा पानी, गलियां बनीं नदी

2

बीकानेर शहर में फिजूल बहा लाखों लीटर पानी, घरों में घुसा पानी, गलियां बनीं नदी
बीकानेर शहर के लक्ष्मीनाथ घाटी इलाके में मंगलवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पेयजल आपूर्ति की 14 इंच की मुख्य पाइपलाइन अचानक फट गई। देखते ही देखते सड़कों पर पानी का तेज बहाव शुरू हो गया और हालात नदी जैसे बन गए। पाइपलाइन फूटने से आसपास की गलियां मिनी नदी में तब्दील हो गईं। तेज बहाव के कारण पानी कई घरों के अंदर तक घुस गया, जिससे घरेलू सामान भी भीग गया और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह के समय अचानक हुए इस घटनाक्रम से लोग संभल भी नहीं पाए। स्थानीय लोगों के अनुसार कुछ ही मिनटों में पूरा इलाका पानी से भर गया और हालात बाढ़ जैसे नजर आने लगे। कई जगहों पर सड़कें जलमग्न हो गईं, जिससे आवाजाही भी प्रभावित हुई। सूचना मिलने पर जलदाय विभाग की टीम मौके पर पहुंची और लीकेज को रोकने के लिए कड़ी मशक्कत की। काफी प्रयासों के बाद पाइपलाइन से हो रहे पानी के बहाव को नियंत्रित किया जा सका। गौरतलब है कि इसी क्षेत्र में कुछ महीने पहले भी पाइपलाइन टूटने की घटना सामने आई थी। बार-बार हो रही ऐसी घटनाओं से जलदाय विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं और स्थानीय लोग स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं।

You may have missed