ट्रैवलर में लगी भीषण आग, दूल्हा-दुल्हन थे सवार

9

ट्रैवलर में लगी भीषण आग, दूल्हा-दुल्हन थे सवार

जयपुर। जिले में गुरुवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब नेशनल हाईवे-52 पर चल रही एक ट्रैवलर बस में अचानक भीषण आग लग गई। घटना कौथून कस्बे के पास रामपुरा नाला क्षेत्र में हुई, जहां बस में दूल्हा-दुल्हन सहित कई यात्री सवार थे। आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन चालक की सूझबूझ और सतर्कता के चलते सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

जानकारी के अनुसार ट्रैवलर जयपुर से सवाई माधोपुर की ओर जा रही थी। इसमें सवार लोग हाल ही में हुए शादी समारोह के बाद दूल्हा-दुल्हन को लेकर देव दर्शन के लिए जा रहे थे। रास्ते में अचानक वाहन से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग ने पूरी ट्रैवलर को अपनी चपेट में ले लिया। स्थिति गंभीर होने से पहले ही चालक ने वाहन रोककर सभी यात्रियों को नीचे उतार दिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

सूचना के बाद पहुंची दमकल टीम
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक ट्रैवलर पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। गनीमत रही कि इस घटना में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई और सभी सुरक्षित बच गए।