स्टेशनरी सामान के गोदाम में भीषण आग, किताबें होने से तेजी से फैली

स्टेशनरी सामान के गोदाम में भीषण आग, किताबें होने से तेजी से फैली
जयपुर में बुधवार शाम एक मकान में बने गोदाम में भीषण आग लग गई। आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसा महेश नगर थाना इलाके स्थित सूर्य नगर कॉलोनी में बुधवार शाम करीब साढ़े 4 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि मकान के अंदर पेन, किताबें और स्टेशनरी का गोदाम बना हुआ था। इस कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। जानकारी के अनुसार- आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी बताई जा रही है। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की करीब 10 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। आग पर दमकलकर्मियों ने करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद काबू पाया। राहत की बात यह रही कि समय रहते आसपास के लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि आग से लाखों रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। जानकारी के अनुसार- मकान में चार से पांच छात्र किराए पर रहकर पढ़ाई करते थे। वहीं मौके से तीन घरेलू गैस सिलेंडर भी सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए। यदि सिलेंडरों तक आग पहुंच जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था।