खाजूवाला : बॉर्डर क्षेत्र का नाबालिग हैंड ग्रेनेड के साथ निरुद्ध, आतंकी साजिश की आशंका

post 1567 (1)

खाजूवाला, सीमावर्ती खाजूवाला थाना क्षेत्र की एक ग्राम पंचायत के नाबालिग युवक को पंजाब के फाजिल्का में जिंदा हैंड ग्रेनेड के साथ निरुद्ध किया गया है। कार्रवाई स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल फाजिल्का व सीआईडी इंटेलिजेंस पंजाब द्वारा संयुक्त रूप से की गई, जिसमें युवक के कब्जे से विस्फोटक बरामद हुआ।

प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि हैंड ग्रेनेड की डिलीवरी सीमा पार बैठे हैंडलर्स के इशारे पर की जानी थी, जिससे आतंकी साजिश की आशंका गहरा गई है। पुलिस अब इस बात की पड़ताल कर रही है कि आखिर इस विस्फोटक का इस्तेमाल किस वारदात को अंजाम देने के लिए किया जाना था। फिलहाल नाबालिग युवक को फरीदकोट स्थित बाल सुधार गृह भेज दिया गया है, वहीं दूसरी और सुरक्षा एजेंसियां पूरे नेटवर्क और संभावित लिंक की जांच में जुटी हुई हैं। इधर इस घटना के बाद खाजूवाला अंतर्राष्ट्रीय बॉर्डर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।