‘अमेरिका ने प्रतिबंध नहीं हटाए तो होर्मुज स्ट्रेट बंद कर देंगे’ , ईरानी संसद के स्पीकर गालिबफ की चेतावनी

post 1604 (1)

ईरान (Iran) और अमेरिका (United States of America) के बीच शांति वार्ता का दूसरा दौर सोमवार को इस्लामाबाद में प्रस्तावित है। दोनों देश जारी तनाव को खत्म कर स्थायी समझौते की दिशा में आगे बढ़ना चाहते हैं।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने उम्मीद जताई है कि ईरान के साथ समझौता जल्द संभव है और बातचीत सकारात्मक दिशा में बढ़ रही है। उन्होंने लेबनान (Lebanon) में 10 दिन के सीज़फायर की घोषणा भी की है। इसके बाद ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट (Strait of Hormuz) को व्यावसायिक जहाजों के लिए खोलने का ऐलान किया, जिससे वैश्विक स्तर पर राहत की उम्मीद जगी।

ईरानी संसद स्पीकर की चेतावनी:-

इसी बीच ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बाघेर गालिबफ (Mohammad Bagher Ghalibaf) ने अमेरिकी दावों पर सवाल उठाते हुए कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप के कई दावे वास्तविकता से परे हैं और ईरान ने किसी भी तरह की एकतरफा सहमति नहीं दी है।

गालिबफ ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अमेरिका द्वारा लगाए गए प्रतिबंध नहीं हटाए गए, तो होर्मुज स्ट्रेट (Strait of Hormuz) को फिर से बंद किया जा सकता है। उनके अनुसार, इस जलमार्ग से आवागमन ईरान की शर्तों और निर्धारित नियमों के आधार पर ही होगा, न कि सोशल मीडिया पर किए गए दावों के अनुसार।

दुनिया के लिए अहम है होर्मुज स्ट्रेट:-

होर्मुज स्ट्रेट वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है। दुनिया के कुल तेल का लगभग 30 प्रतिशत इसी रास्ते से गुजरता है। ऐसे में इसका खुला रहना अंतरराष्ट्रीय व्यापार और तेल-गैस आपूर्ति के लिए बेहद जरूरी माना जा रहा है।