बीकानेर: हिस्ट्रीशीटर के अवैध निर्माण पर चला पीला पंजा, कई और बदमाश रडार पर

बीकानेर। शहर में कानून व्यवस्था और अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए एक हिस्ट्रीशीटर के घर के बाहर बने अवैध कब्जे को बुलडोजर से हटवा दिया। मुक्ताप्रसाद थाना क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई से लंबे समय से बाधित रास्ता फिर से खुल गया, जिससे स्थानीय लोगों को राहत मिली है।
मोहल्लेवासियों की लगातार शिकायतों के बाद प्रशासन ने यह कदम उठाया। लोगों का कहना था कि अतिक्रमण के चलते रास्ता संकरा हो गया था और आवागमन में दिक्कतें आ रही थीं। पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने संकेत दिए हैं कि ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
सख्त संदेश देने की कोशिश:-
प्रशासन ने इस कार्रवाई के जरिए स्पष्ट किया है कि अवैध कब्जे और आपराधिक गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी ऐसे मामलों में इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
भारी पुलिस बल की मौजूदगी:-
मुक्ताप्रसाद नगर थानाधिकारी विजेंद्र सिला के अनुसार, जिला प्रशासन से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। सीओ सिटी अनुज डाल के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा और बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटाया गया।
मौके पर मौजूद रहे अधिकारी:-
कार्रवाई के दौरान सीओ सिटी अनुज डाल, थानाधिकारी विजेंद्र सिला सहित पुलिस के कई अधिकारी मौजूद रहे। वहीं बीडीए के तहसीलदार महेंद्र सिंह रत्नु ने मौके पर रहकर पूरी प्रक्रिया की निगरानी की।
हिस्ट्रीशीटर पर गंभीर मामले दर्ज:-
पुलिस के अनुसार, हिस्ट्रीशीटर सीताराम पुत्र रामकिशन के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत करीब 10 गंभीर मामले दर्ज हैं। एक मामले में उसे धारा 302 के तहत सजा भी मिल चुकी है, जबकि अन्य प्रकरण न्यायालय में विचाराधीन हैं।
आगे भी होगी कार्रवाई:-
प्रशासन और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई अभी जारी है। अधिकारियों के मुताबिक, ऐसे कई अन्य लोगों को भी चिन्हित किया गया है, जिनके खिलाफ आने वाले समय में कार्रवाई की जाएगी।