राजस्थान के 8 जिलों के लिए IMD का Red Alert जारी, तूफानी हवा के साथ वज्रपात-बारिश की चेतावनी; पढ़े खबर

जयपुर। राजस्थान में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। मौसम विभाग और आपदा प्रबंधन विभाग ने अगले तीन घंटों के लिए कई जिलों में रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग के अनुसार कई इलाकों में तेज मेघगर्जन, धूलभरी आंधी, ओलावृष्टि और बारिश का असर देखने को मिल सकता है। कुछ स्थानों पर हवा की रफ्तार 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना जताई गई है।
इन जिलों में रेड अलर्ट:-
मौसम विभाग ने बीकानेर, चूरू, फलोदी, नागौर, डीडवाना-कुचामन, सीकर, झुंझुनूं और जयपुर जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में तेज मेघगर्जन के साथ धूलभरी आंधी, वज्रपात, ओलावृष्टि और हल्की से मध्यम बारिश होने की आशंका है। साथ ही कुछ स्थानों पर हवा की रफ्तार 80 किलोमीटर प्रति घंटा या उससे अधिक रह सकती है।
ऑरेंज अलर्ट वाले जिले:-
भरतपुर, धौलपुर, दौसा, सवाई माधोपुर, टोंक, कोटपूतली-बहरोड़, खैरथल-तिजारा और अलवर जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चल सकती हैं। साथ ही विभाग ने धूलभरी आंधी, वज्रपात और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है।
येलो अलर्ट वाले क्षेत्र:-
श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, डीग और करौली जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में हल्के से मध्यम मेघगर्जन, गरज-चमक और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
मोबाइल अलर्ट और सतर्कता की अपील:-
आपदा प्रबंधन, सहायता एवं नागरिक सुरक्षा विभाग ने मोबाइल अलर्ट जारी कर लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। विभाग के अनुसार बीकानेर, चूरू, डीडवाना-कुचामन, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, जयपुर, झुंझुनूं, कोटपूतली-बहरोड़, नागौर और सीकर जिलों में अगले कुछ घंटों के दौरान गंभीर मौसम गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।
कुछ इलाकों में सतही हवाओं की रफ्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। वहीं बीकानेर और झुंझुनूं में तेज आंधी के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ और वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हालांकि बाद में हुई बारिश से मौसम सुहावना हो गया और लोगों को गर्मी से राहत मिली।