हनुमानगढ़: ACB की बड़ी कार्रवाई, 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार

हनुमानगढ़। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की हनुमानगढ़ इकाई ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए टिब्बी तहसील के चाहूवाली पटवार मंडल में कार्यरत राजस्व पटवारी श्रीराम को 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। आरोपी पर इंतकाल (नामांतरण) दर्ज करने के बदले परिवादी से 30 हजार रुपए की मांग करने का आरोप है।
एसीबी के महानिदेशक पुलिस गोविंद गुप्ता ने बताया कि एसीबी चौकी हनुमानगढ़ को एक शिकायत मिली थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि डबली खुर्द निवासी पटवारी श्रीराम, परिवादी के पिता के नाम भूमि का इंतकाल दर्ज करने के लिए रिश्वत की मांग कर रहा है। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने गोपनीय सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की बात सही पाई गई। इसके बाद ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई गई।
रंगे हाथों दबोचा गया आरोपी:-
एसीबी के उपमहानिरीक्षक पुलिस नारायण टोगस के सुपरविजन में हनुमानगढ़ इकाई की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुधा पालावत के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम ने आरोपी पटवारी को 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान एसीबी की टीम ने मौके पर आवश्यक साक्ष्य भी एकत्रित किए।
एसीबी अधिकारियों ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और अग्रिम अनुसंधान शुरू कर दिया गया है। एसीबी की इस कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया है।