Crime News: भतीजे ने की चाचा की हत्या, कुल्हाड़ी से किया हमला, कई बार दे चुका था धमकी

जालोर। राजस्थान के जालोर जिले में पारिवारिक रंजिश ने खूनी मोड़ ले लिया। आहोर थाना क्षेत्र के जोगावा गांव में भतीजे ने कुल्हाड़ी से चाचा के सिर पर वार करके हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अपने पिता की मौत के बाद से चाचा से रंजिश रखता था और कई बार उन्हें जान से मारने की धमकी भी दे चुका था।
पुलिस के अनुसार बुधवार को 40 वर्षीय अखाराम गांव के बस स्टैंड के पास बनी पानी की टंकी के निकट बैठा हुआ था। इसी दौरान उसका भतीजा वीजाराम हाथ में कुल्हाड़ी लेकर वहां पहुंचा। इससे पहले अखाराम कुछ समझ पाता भतीजे वीजाराम ने उसके सिर पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से अखाराम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही जालोर डीएसपी छतरसिंह और आहोर थानाधिकारी करणसिंह पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अस्पताल भिजवाया और एफएसएल टीम की सहायता से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि करीब चार साल पहले घर के सामने खड़े बबूल के पेड़ को काटने को लेकर दोनों परिवारों के बीच विवाद हुआ था। उस दौरान हुए झगड़े में लाठी-डंडे चले थे। आरोप है कि अखाराम ने लोहे के औजार से हमला कर वीजाराम और उसके पिता मोपाराम को घायल कर दिया था। मोपाराम के सिर में गंभीर चोट लगने के बाद उनकी मौत हो गई थी। पिता की मौत के बाद से ही वीजाराम अपने काका अखाराम से रंजिश रखने लगा था। ग्रामीणों के अनुसार अखाराम मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था और आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।