कार पर पलटा बजरी से भरा डंपर, अवैध बजरी लेकर जा रहे डंपरों ने टोल के बैरिकेड तोड़े

1

कार पर पलटा बजरी से भरा डंपर, अवैध बजरी लेकर जा रहे डंपरों ने टोल के बैरिकेड तोड़े

नागौर के खींवसर में बजरी से भरा डंपर कार पर पलट गया। गनीमत रही कि डंपर कार के पिछले हिस्से पर गिरा, जिसकी वजह से कार में आगे बैठे दो लोग बच गए। इससे पहले जब पुलिस ने अवैध बजरी से भरे 6 डंपरों का पीछा किया तो टोल के बैरिकेड तोड़ते हुए, वहां से निकले। मामला जिले के खींवसर के पदमसर चौराहे का शुक्रवार सुबह 10:30 बजे का है। जहां डंपर पलटने के बाद ड्राइवर को हिरासत में लिया गया। ये सभी डंपर बालोतरा जिले के समदड़ी से नागौर आ रहे थे। पुलिस ने इस मामले में दो ड्राइवर को हिरासत में लिया है।

खींवसर थानाधिकारी आईपीएस अदिति उपाध्याय ने बताया कि सुबह जानकारी मिली की अवैध बजरी से भरे डंपर खींवसर से होते हुए नागौर की तरफ आ रहे हैं। इस पर टीम ने खींवसर थाना क्षेत्र में आते ही इनका पीछा करना शुरू किया। पुलिस से बचने के लिए सभी डंपर ड्राइवर ने गाड़ी को दौड़ाया। खींवसर के पास पांकला टोल पर भी बैरिकेड तोड़ते हुए नागौर की तरफ भागने लगे। पुलिस से बचने के लिए इन डंपर ड्राइवरों ने बजरी को सड़क पर ही खाली करना शुरू कर दिया।