विद्युत लाइन टूटने से दो गाय समेत चार गौवंश की मौत, ग्रामीणों ने जताया रोष

100420729

खाजूवाला, खाजूवाला क्षेत्र के 3 पावली से 34 केवाईडी की ओर जाने वाली विद्युत लाइन गुरुवार को टूट जाने से करंट की चपेट में आने से दो गाय समेत चार गौवंश की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और विद्युत विभाग को सूचित कर विद्युत आपूर्ति बंद करवाई। इसके बाद पुलिस, विद्युत विभाग तथा पशुपालन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं।
ग्रामीण बजरंग बिश्नोई ने बताया कि 3 पावली से 34 केवाईडी तक जाने वाली विद्युत लाइन के कई खंभे लंबे समय से जर्जर हालत में हैं और तार भी काफी ढीले लटके हुए हैं। गुरुवार को एक खंभा क्षतिग्रस्त होने से लाइन टूट गई, जिसकी चपेट में आने से चार गौवंश की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद ग्रामीणों ने विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि जर्जर खंभों और ढीली विद्युत लाइनों की समस्या से विभाग को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। ग्रामीणों का कहना है कि इसी कारण क्षेत्र में पहले भी कई हादसे हो चुके हैं और अनेक पशुधन की जान जा चुकी है।
मौके पर पहुंची पशुपालन विभाग की टीम ने मृत गौवंश का पोस्टमार्टम कराया, जबकि पुलिस ने घटना की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। मृत पशु श्रवण जाखड़, मदन नायक और बिरजलाल ढाका के बताए गए हैं।
विद्युत विभाग के अधिकारियों ने प्रभावित पशुपालकों को नियमानुसार उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने विभाग से जर्जर विद्युत खंभों को तत्काल बदलने तथा ढीली लाइनों को दुरुस्त कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
इस दौरान जीव प्रेमी बजरंग बिश्नोई, प्रभुराम ढाका, सतपाल बिश्नोई, महावीर गोदारा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे।

You may have missed