उपखण्ड कार्यालय पूगल में रिक्त पदों को भरने की मांग तेज, बार एसोसिएशन ने विधायक के नाम सौंपा ज्ञापन

100420724

पूगल, उपखण्ड कार्यालय पूगल में लंबे समय से रिक्त पड़े पदों को शीघ्र भरने की मांग को लेकर बार एसोसिएशन पूगल ने विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल के नाम उपखंड अधिकारी पूगल को ज्ञापन सौंपा। अधिवक्ताओं ने कहा कि कर्मचारियों की भारी कमी के कारण राजस्व एवं प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं, जिससे आमजन को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बार एसोसिएशन अध्यक्ष सुंदर गोदारा ने बताया कि उपखण्ड कार्यालय में नायब कनिष्ठ तहसीलदार, निजी स्टेनोग्राफर, सहायक प्रशासक, वरिष्ठ सहायक, सहायक, लिपिक प्रथम एवं द्वितीय ग्रेड, कार्यालय सहायक, रीडर, पेशकार, रिकॉर्ड कीपर, स्टेनोग्राफर तथा सहायक कम्प्यूटर सहित कई महत्वपूर्ण पद लंबे समय से रिक्त पड़े हैं। इन पदों पर नियुक्तियां नहीं होने के कारण कार्यालय का कार्यभार सीमित कर्मचारियों पर आ गया है, जिससे आवश्यक प्रशासनिक कार्य समय पर पूरे नहीं हो पा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि नामांतरण, सीमांकन, विभिन्न प्रकार के प्रमाण-पत्र जारी करने तथा अन्य राजस्व संबंधी फाइलों के निस्तारण में अनावश्यक विलंब हो रहा है। इसके चलते क्षेत्र के लोगों को बार-बार उपखण्ड कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं और उन्हें निराश होकर वापस लौटना पड़ रहा है।

बार एसोसिएशन ने ज्ञापन के माध्यम से विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल से मांग की है कि संबंधित विभाग से समन्वय कर उपखण्ड कार्यालय पूगल के सभी रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्तियां करवाई जाएं, ताकि कार्यालय का कार्य नियमित एवं सुचारू रूप से संचालित हो सके और आमजन को समय पर राहत मिल सके।

ज्ञापन सौंपने के दौरान बार एसोसिएशन पूगल के अध्यक्ष सुंदर गोदारा सहित बार संघ के कई अधिवक्ता उपस्थित रहे। उन्होंने उम्मीद जताई कि जनहित से जुड़े इस महत्वपूर्ण विषय पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई होगी, जिससे उपखण्ड क्षेत्र के नागरिकों को प्रशासनिक सेवाएं समय पर और प्रभावी ढंग से उपलब्ध हो सकें।

You may have missed