कानून व्यवस्था पर पूर्व सीएम Ashok Gehlot का निशाना, कहा- राजस्थान में कानून-व्यवस्था वेंटिलेटर पर

जयपुर : राजस्थान की कानून-व्यवस्था को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में कानून-व्यवस्था पूरी तरह वेंटिलेटर पर है और सरकार कुंभकर्णी नींद सो रही है।
अशोक गहलोत ने कहा कि भाजपा शासनकाल में अपराध के मामलों को लेकर स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है। उन्होंने NCRB 2024 के आंकड़ों का हवाला देते हुए दावा किया कि दुष्कर्म के मामलों में राजस्थान देश में शीर्ष स्थान पर रहा है, जबकि वर्तमान हालात और भी ज्यादा चिंताजनक बताए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जयपुर, दौसा, अलवर और बांसवाड़ा समेत प्रदेश के अलग-अलग जिलों से लगातार अपराध की घटनाएं सामने आ रही हैं और लोगों में भय का माहौल बढ़ता दिखाई दे रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में मासूम बच्चियों की सुरक्षा को लेकर बड़े सवाल खड़े हो रहे हैं। गहलोत ने कहा कि कई घटनाओं में बच्चियों को घरों और बाड़ों से अगवा किए जाने जैसी बातें सामने आ रही हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ मामलों में न्याय की मांग लेकर पहुंचने वाली पीड़िताओं पर समझौते का दबाव बनाए जाने की शिकायतें भी सामने आई हैं, जिससे व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री ने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या प्रदेश में अपराधियों के मन से कानून का डर खत्म हो गया है। उन्होंने राज्य की कानून-व्यवस्था पर चिंता जताते हुए सरकार से इस मुद्दे पर गंभीर कदम उठाने की मांग की।