बीकानेर: किसानों को इतनी तारीख से मिलेगा सिंचाई का पानी, तीन में से एक ग्रुप को पानी का रेगुलेशन जारी

5

बीकानेर: किसानों को इतनी तारीख से मिलेगा सिंचाई का पानी, तीन में से एक ग्रुप को पानी का रेगुलेशन जारी

बीकानेर सहित पश्चिमी राजस्थान के किसानों के लिए राहत की खबर सामने आई है। पीने के पानी का पर्याप्त स्टोरेज होने के बाद अब इंदिरा गांधी नहर से किसानों को सिंचाई पानी देने की तैयारी शुरू कर दी गई है। नहर विभाग के अधिकारियों के अनुसार 25 मई से तीन में से एक ग्रुप को पानी का रेगुलेशन जारी किया जा सकता है। हरिके बैराज में जलस्तर बढ़ने के बाद विभाग ने सिंचाई सप्लाई की प्रक्रिया तेज कर दी है। इससे खरीफ सीजन की बुवाई की तैयारी कर रहे किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है। नहर विभाग के अधिकारियों के अनुसार सिंचाई पानी छोड़ने को लेकर प्रक्रिया अंतिम चरण में है। फिलहाल विभाग स्तर पर तैयारी चल रही है और एक-दो दिन में इस संबंध में अंतिम फैसला लिया जा सकता है। पानी की बेहतर उपलब्धता को देखते हुए सिंचाई रेगुलेशन की तैयारी तेज कर दी गई है।

मुख्य अभियंता ने बताया कि फिलहाल हरिके बैराज पर 689 फीट पानी दर्ज किया गया है। 22 मई के बाद जलस्तर में और बढ़ोतरी हुई है। इसके चलते नहर प्रणाली में पर्याप्त पानी उपलब्ध हो रहा है और अब सिंचाई पानी देने की तैयारी की जा रही है। पश्चिमी राजस्थान में खरीफ सीजन के दौरान मुख्य रूप से बाजरा, मोठ, ग्वार, मूंग, तिल, मूंगफली और कपास की बुवाई की जाएगी। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार जून के दूसरे सप्ताह से बुवाई का काम रफ्तार पकड़ सकता है। विशेषज्ञों का मानना है कि इसी दौरान प्री-मानसून बारिश भी शुरू हो सकती है, जिससे किसानों को अतिरिक्त राहत मिलेगी और खेती का काम तेज होगा।

You may have missed