Farmer Welfare: किसानों को मिलने वाली है बड़ी सौगात? कृषि मंत्री की बैठक में हुआ बड़ा फैसला

post 294 (1)

Farmer Welfare: किसानों को मिलने वाली है बड़ी सौगात? कृषि मंत्री की बैठक में हुआ बड़ा फैसला

जयपुर। कृषि एवं उद्यानिकी विभाग की समीक्षा बैठक में कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि किसानों के हित से जुड़ी सभी बजट घोषणाओं का समयबद्ध और प्रभावी क्रियान्वयन किया जाए, ताकि योजनाओं का लाभ सीधे और समय पर कृषकों तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार कृषि क्षेत्र को मजबूत करने और किसानों की आय में वृद्धि के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही है।

पंत कृषि भवन में आयोजित बैठक में वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 की बजट घोषणाओं की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की गई। मंत्री ने स्पष्ट किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी और इसकी नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।

कृषि मंत्री ने कहा कि आधुनिक और वैज्ञानिक खेती को अपनाने वाले प्रगतिशील किसानों के अनुभव अन्य किसानों के लिए मार्गदर्शक साबित हो सकते हैं। प्रत्येक जिले में ऐसे किसानों की सहभागिता से प्रशिक्षण एवं प्रदर्शन कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएं, ताकि उन्नत बीज, फसल प्रबंधन और संतुलित उर्वरक उपयोग जैसी तकनीकों को अधिक से अधिक किसान अपना सकें।

उन्होंने कस्टम हायरिंग सेंटरों को लघु और सीमांत किसानों के लिए उपयोगी बताते हुए कहा कि आधुनिक कृषि यंत्रों की आसान उपलब्धता से खेती की लागत कम होगी और उत्पादन क्षमता बढ़ेगी। इसके लिए इन केंद्रों की स्थापना और संचालन में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, सूक्ष्म सिंचाई, ग्रीनहाउस, शैडनेट और पॉलीहाउस अनुदान योजनाओं की समीक्षा की गई। मंत्री ने इन योजनाओं से अधिक किसानों को जोड़ने और लाभ पहुंचाने पर जोर दिया। साथ ही, किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला स्तर पर जन शिकायत निवारण बैठकों के नियमित आयोजन के निर्देश भी दिए।

प्रमुख शासन सचिव कृषि मंजू राजपाल ने अधिकारियों से किसानों से संबंधित मामलों में त्वरित निर्णय लेने का आह्वान किया। बैठक में आयुक्त कृषि चिन्मयी गोपाल सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे, जबकि जिलों के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े।