खौफनाक इंतकाम: पत्नी को न भेजने पर जीजा ने साले को उतारा मौत के घाट, मरने के बाद भी पिलाया जहर
खौफनाक इंतकाम: पत्नी को न भेजने पर जीजा ने साले को उतारा मौत के घाट, मरने के बाद भी पिलाया जहर
Rajasthan News: उदयपुर, डबोक थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद ने दिल दहला देने वाला रूप ले लिया। पत्नी को मायके से वापस न भेजने से नाराज एक दामाद ने अपने रिश्तेदारों के साथ मिलकर ससुर और साले का अपहरण कर लिया। आरोप है कि दोनों को गोगुंदा के जंगल में ले जाकर बेरहमी से पीटा गया।
इस वारदात में 18 वर्षीय साले की मौत हो गई, जबकि शुरुआती जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत की वजह जहरीले पदार्थ का सेवन सामने आई है। इस खुलासे के बाद पूरा मामला और भी रहस्यमय हो गया है।
एएसआई मुकेश कुमार के अनुसार, रेला (डबोक) निवासी किशन सिंह देवड़ा (65) और उनका बेटा सुरेंद्र सिंह देवड़ा (18) मंगलवार शाम करीब 8 बजे घर पर मौजूद थे। इसी दौरान गोगुंदा निवासी दामाद जितेंद्र सिंह सिसोदिया तीन अन्य साथियों के साथ कार में आया और दोनों को जबरन बैठाकर अपने साथ ले गया।
आरोप है कि गोगुंदा के जंगल में ससुर को कार में बंधक बना लिया गया, जबकि साले सुरेंद्र को जंगल में ले जाकर बुरी तरह पीटा गया। मारपीट के दौरान सुरेंद्र बेहोश होकर गिर पड़ा। इसके बाद आरोपी उसे पास के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उसे एमबी चिकित्सालय रेफर किया गया। इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई।
पोस्टमॉर्टम में जहर से मौत, जांच में कई सवाल
पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में युवक की मौत जहरीले पदार्थ के सेवन से होना सामने आया है। अब यह सवाल उठ रहा है कि जहर कहां से आया और क्या युवक ने स्वयं इसका सेवन किया या उसे जबरन पिलाया गया। पुलिस इन सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।
पिता की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने दामाद जितेंद्र सिंह सिसोदिया और उसके तीन साथियों के खिलाफ अपहरण व हत्या का मामला दर्ज किया है। मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
शराब और घरेलू हिंसा से जुड़ा विवाद
जांच में यह भी सामने आया है कि दिसंबर 2025 में किशन सिंह की बेटी जसोदा का विवाह जितेंद्र सिंह से हुआ था। शादी के बाद से ही दामाद पर शराब के नशे में पत्नी के साथ मारपीट करने के आरोप हैं। परेशान होकर पिता कई बार बेटी को मायके ले आए थे। करीब एक सप्ताह पहले भी मारपीट के बाद बेटी को मायके लाया गया था। इसी बात से नाराज होकर दामाद ने कथित रूप से इस वारदात की साजिश रची, जो अंततः एक युवक की मौत में तब्दील हो गई।