Sadhvi Prem Baisa Death : राजस्थान की चर्चित साध्वी प्रेम बाईसा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, हनुमान बेनीवाल ने की उच्चस्तरीय जांच की मांग

post 293 (1)

Sadhvi Prem Baisa Death : राजस्थान की चर्चित साध्वी प्रेम बाईसा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, हनुमान बेनीवाल ने की उच्चस्तरीय जांच की मांग

Sadhvi Prem Baisa Death : जोधपुर के पाल गांव स्थित एक आश्रम में बुधवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब राजस्थान की चर्चित साध्वी प्रेम बाईसा की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें आनन-फानन में एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आश्रम को सील कर दिया और शव को महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।

जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह साध्वी को सांस लेने में दिक्कत हुई थी। आश्रम में चिकित्सक को बुलाया गया, जिसने इंजेक्शन दिया, जिससे कुछ समय के लिए राहत मिली। हालांकि करीब एक घंटे बाद उनकी हालत फिर बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के बाद वह मानसिक रूप से काफी परेशान थीं।

बताया जाता है कि पिछले वर्ष सोशल मीडिया से जुड़े विवाद के बाद साध्वी प्रेम बाईसा ने आध्यात्मिक गतिविधियों को और अधिक सक्रिय रूप से अपनाया था। वह मंगलवार को अजमेर में नौ दिवसीय भागवत कथा का समापन कर आश्रम लौटी थीं।

उच्च स्तरीय जांच की मांग:-

साध्वी की मौत को लेकर नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और राजस्थान पुलिस को टैग करते हुए मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। उन्होंने लिखा कि जोधपुर के एक अस्पताल में साध्वी प्रेम बाईसा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का समाचार बेहद दुखद है और इस प्रकरण की गंभीरता से जांच होनी चाहिए।

सांसद बेनीवाल ने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि दिवंगत आत्मा को शांति मिले और उनके परिवारजनों व अनुयायियों को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान हो।