1300 साल पुराने मठ की जमीन पर थी नजर, महंत हत्याकांड में वकील निकला मास्टरमाइंड; पढ़े पूरी खबर

कोटा। राजस्थान के कोटा शहर स्थित करीब 1300 साल पुराने चंद्रेसल मठ के महंत देवानंद महाराज की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जांच में सामने आया है कि इस हत्याकांड की साजिश रचने वाला एक वकील था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और लगातार की गई जांच के आधार पर मामले का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जांच के अनुसार, मुख्य आरोपी वकील संतोष राय की नजर मठ की कीमती जमीन पर थी। पुलिस का दावा है कि जमीन हासिल करने के उद्देश्य से उसने महंत को रास्ते से हटाने की साजिश रची। इसी योजना के तहत सुपारी देकर हत्या की वारदात को अंजाम दिलाया गया। घटना के बाद आरोपी जयपुर भाग गए थे, लेकिन पुलिस ने उनका पीछा करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
बताया जा रहा है कि 5 जून की रात बोरखेड़ा थाना क्षेत्र स्थित मठ में महंत देवानंद महाराज अपने कमरे में सो रहे थे। अपराधियों ने उसी दौरान अंदर घुसकर चाकूओं से गोदकर उनकी हत्या कर दी। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी और हिंदू संगठनों ने विरोध प्रदर्शन भी किया था।
महंत देवानंद महाराज मूल रूप से सवाई माधोपुर जिले के राजमना गांव के निवासी थे। उनकी अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। ढूंढा गांव से निकली शवयात्रा और चाणक्य दह आश्रम में हुए अंतिम संस्कार के दौरान दौरान हर आंख नम थी। संत समाज और ग्रामीण इस निर्मम हत्या से बेहद आक्रोशित हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और हत्याकांड से जुड़े अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।