बीकानेर: यहां अब ऐप से लगेगी कर्मचारियों की हाजिरी, डिजिटल मॉनिटरिंग लागू

1

बीकानेर: यहां अब ऐप से लगेगी कर्मचारियों की हाजिरी, डिजिटल मॉनिटरिंग लागू

बीकानेर। राज्य सरकार ने शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों (यूएएएम) यानी जनता क्लिनिक में कार्यरत कर्मचारियों की उपस्थिति व्यवस्था को डिजिटल बनाने का निर्णय लिया है। अब सभी कर्मचारियों की उपस्थिति मोबाइल ऐप के जरिए ऑनलाइन दर्ज की जाएगी। इस संबंध में नेशनल हेल्थ मिशन राजस्थान की ओर से आदेश जारी कर सभी जिलों के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। अभी तक शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में कर्मचारियों की उपस्थिति मैनुअल तरीके से दर्ज की जा रही थी। इसके कारण उच्च स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग में दिक्कत आ रही थी। इसे देखते हुए सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग के राजएसएसओ-अटेंडेंस मैनेजमेंट सिस्टम को लागू करने का फैसला लिया गया है। नई व्यवस्था के तहत अब कोई भी कर्मचारी घर बैठे अपनी उपस्थिति दर्ज नहीं कर सकेगा। कर्मचारियों को अस्पताल परिसर में पहुंचकर ही उपस्थिति दर्ज करनी होगी। इसके लिए क्लिनिक परिसरों की मैपिंग की जा रही है। निर्धारित दायरे में आने पर ही कर्मचारी की उपस्थिति दर्ज हो सकेगी।

एनएचएम मिशन निदेशक की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि सभी जिलों के ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारियों और जिला मुख्यालय स्तर के नोडल अधिकारियों की आईडी मैपिंग कराई जाए। इसके साथ ही संबंधित कार्यालयों के माध्यम से शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में कार्यरत सभी कर्मचारियों की आईडी भी तैयार करवाई जाए। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि आगामी सात कार्य दिवस के भीतर सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति डिजिटल माध्यम से सुनिश्चित की जाए। यह आदेश 15 मई को जारी किए गए थे, लेकिन अब तक इसकी पालना को लेकर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।