पारिवारिक कलह से परेशान बुजुर्ग ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान

पारिवारिक कलह से परेशान बुजुर्ग ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान
अलवर में एक बुजुर्ग ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। यह घटना शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे की है, जब दाऊदपुर रेलवे फाटक के आस-पास रोज की तरह लोगों की चहल-पहल थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक एक बुजुर्ग व्यक्ति पटरी के पास घूम रहे थे। जैसे ही भुज से दिल्ली जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेन वहां से गुजरी, वह अचानक तेजी से पटरी पर आए और ट्रेन के आगे लेट गए। हादसा इतना अचानक और पलक झपकते ही हुआ कि ट्रेन के लोको पायलट (ड्राइवर) को इमरजेंसी ब्रेक लगाने या संभलने का मौका तक नहीं मिला। ट्रेन की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद रेलवे ट्रैक पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की टीम मौके पर पहुंची। रेलवे सुरक्षा बल के टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया और शव को कब्जे में लेकर तुरंत जिला अस्पताल की मोर्चरी (शवगृह) में रखवाया। पुलिस ने मृतक की जेब और आस-पास तलाशी ली, जिससे उनकी पहचान हो सकी। इसके बाद तुरंत उनके परिवार को इस दुर्घटना की सूचना दी गई।