दर्शन करके लौट रहे पिता और दोस्त के बेटे की मौत, पोस्टमार्टम के बाद दिए शव

दर्शन करके लौट रहे पिता और दोस्त के बेटे की मौत, पोस्टमार्टम के बाद दिए शव
कोटा के सुल्तानपुर क्षेत्र के दीगोद थाना इलाके में मेहंदी माइनर के पास दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर रविवार रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से उछलते हुए नीचे अंडरपास में जा गिरी। इस भीषण हादसे में कार में सवार 4 साल के मासूम शौर्य की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं जबकि एक महिला सहित 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत कोटा के एमबीएस अस्पताल पहुंचाया जहां इलाज के दौरान बुजुर्ग बांके बिहारी दाधीच (70) ने भी दम तोड़ दिया। शवों को मोर्चरी में रखवाया था। जिसके बाद आज दोनों शवों का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया। शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इंद्रगढ़ दर्शन करके लौट रहे थे कोटा
जानकारी के अनुसार कोटा की पार्श्वनाथ कॉलोनी निवासी नंदेश कुमार दाधीच अपने पिता बांके बिहारी दाधीच, माता कमलेश बाई और अपने दोस्त विजय कुमार शर्मा के साथ कार से इंद्रगढ़ से कोटा लौट रहे थे। इसी दौरान वाहन में विजय कुमार शर्मा का 4 साल का बेटा शौर्य भी मौजूद था। जैसे ही कार मेहंदी माइनर के पास पहुंची अचानक ड्राइवर ने कार पर नियंत्रण खो दिया और एक्सप्रेस-वे पर तेज झटके के साथ उछल गई।