Cyber Crime: 5 रुपये के पुराने नोट के बदले 48 लाख का लालच देकर महिला से 3.66 लाख की ठगी; मामला दर्ज

post 07 (1)

Cyber Crime: अजमेर के शास्त्री नगर इलाके में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला को सोशल मीडिया पर दिखाए गए लालच भरे विज्ञापन ने लाखों रुपये का चूना लगा दिया।

फेसबुक पर मिला था बड़ा दावा:-

पीड़िता ने फेसबुक पर एक विज्ञापन देखा, जिसमें कहा गया था कि यदि किसी के पास पुराना 5 रुपये का वह नोट है, जिसके पीछे ट्रैक्टर चलाता हुआ किसान बना है, तो उसके बदले 48 लाख रुपये तक मिल सकते हैं। यह दावा देखकर महिला ने दिए गए नंबर पर संपर्क कर लिया।

ठगों ने खुद को कंपनी का प्रतिनिधि बताया:-

फोन पर बात करने वाले लोगों ने खुद को पुरानी मुद्रा खरीदने वाली एक नामी कंपनी का प्रतिनिधि बताया। उन्होंने महिला को फर्जी आईडी कार्ड और दस्तावेज दिखाकर भरोसा दिलाया कि उसका नोट वास्तव में दुर्लभ है और उसे करोड़ों का लाभ मिल सकता है।

अलग-अलग बहानों से वसूले पैसे:-

इसके बाद ठगों ने प्रोसेसिंग, जीएसटी, रजिस्ट्रेशन, फाइल चार्ज और अन्य शुल्कों के नाम पर धीरे-धीरे पैसे मांगने शुरू कर दिए। महिला को बार-बार यह भरोसा दिलाया गया कि अंतिम भुगतान के बाद 48 लाख रुपये सीधे खाते में आ जाएंगे।

लालच और उम्मीद में महिला ने किस्तों में कुल 3 लाख 66 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए।

ठगी का खुलासा, साइबर थाने में शिकायत:-

जब लंबे समय तक न तो पैसे मिले और न ही संपर्क हो पाया, तब महिला को ठगी का अहसास हुआ। इसके बाद उसने अजमेर साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस के अनुसार मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है और जिन बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर हुए हैं, उनकी जानकारी जुटाई जा रही है।

You may have missed