Crime News : उधार से इनकार पर दुकानदार से मारपीट, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार; पुलिस ने बाजार में निकाला जुलूस

जयपुर शहर में मामूली विवाद के चलते हुई हिंसा ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, इस मामले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने आरोपियों को सख्त संदेश भी दिया है। घटना जयसिंहपुरा खोर इलाके की है, जहां नींबू उधार न देने पर कुछ युवकों ने एक सब्जी विक्रेता पर हमला कर दिया।

पुलिस के अनुसार, 25 अप्रैल को पप्पूलाल सैनी नामक दुकानदार की दुकान पर कुछ युवक नींबू उधार लेने पहुंचे थे। दुकानदार ने पहले से बकाया राशि और बढ़ती कीमतों का हवाला देते हुए उधार देने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने दुकान में घुसकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

CCTV में कैद हुई वारदात:-

घटना के दौरान जब हमलावरों को CCTV कैमरे में रिकॉर्डिंग का एहसास हुआ, तो वे पीड़ित को दुकान से बाहर खींच लाए और सड़क पर भी मारपीट जारी रखी। पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई, जबकि आसपास मौजूद लोग हस्तक्षेप करने के बजाय तमाशबीन बने रहे।

वीडियो वायरल होने के बाद कार्रवाई:-

29 अप्रैल को घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। थाना प्रभारी मुकेश कुमार के नेतृत्व में टीम ने 24 घंटे के भीतर चार मुख्य आरोपियों—मोहित, किशन, अमित और शैलेंद्र—को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपियों का पैदल जुलूस निकाला:-

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों को उसी इलाके में पैदल घुमाया। इस दौरान वे नंगे पैर और अस्त-व्यस्त हालत में नजर आए। यह कार्रवाई इलाके में चर्चा का विषय बनी और लोगों ने इसे अपराध के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा।

पुलिस कार्रवाई की सराहना:-

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की पहचान CCTV फुटेज और पीड़ित की शिकायत के आधार पर की गई है। सभी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि छोटी-छोटी बातों पर हिंसा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि कानून का भय बना रहे और आम नागरिक सुरक्षित महसूस करें।