Crime News: संदिग्ध हालात में युवती की मौत, मंगेतर पर गला घोंटकर हत्या का आरोप

post 411 (1)

अजमेर। जिले के गेगल थाना क्षेत्र में 20 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। युवती को बेहोशी की हालत में एक कार के जरिए राजकीय अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों ने युवती के मंगेतर पर गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। वहीं मंगेतर की तबीयत बिगड़ने पर उसे भी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पुलिस निगरानी में उससे पूछताछ की जा रही है।

गेगल थाना प्रभारी नरपत सिंह के अनुसार मृतका नोलखा क्षेत्र की निवासी थी। पुलिस के मुताबिक युवती को उसका मंगेतर प्रकाश, निवासी साली की ढाणी बुबानी, कार में अस्पताल लेकर पहुंचा था। अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने युवती को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की गई।

परिजनों ने बताया कि युवती और प्रकाश की करीब पांच वर्ष पहले सगाई हुई थी। घटना के बाद प्रकाश की तबीयत भी बिगड़ने की जानकारी सामने आई, जिसके चलते उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। परिजन अस्पताल पहुंचे और प्रकाश पर हत्या सहित गंभीर आरोप लगाए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वृत्ताधिकारी रामचंद्र और गेगल थाना प्रभारी नरपत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मंगेतर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही वाहन की जांच के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया। टीम ने कार की बारीकी से जांच की और साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान वाहन से बीयर की बोतलें, युवती की चुन्नी और चप्पलें बरामद होने की जानकारी सामने आई है।

फिलहाल शव को राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस का कहना है कि मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिसके बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। प्रथम दृष्टया गला घोंटकर हत्या किए जाने की बात सामने आई है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।