Crime News: वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, 13 चोरी के वाहन समेत दो आरोपी गिरफ्तार

post 658 (1)

Crime News: अलवर पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। वैशाली नगर थाना पुलिस और डीएसटी टीम की संयुक्त कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 13 चोरी के वाहन बरामद किए गए हैं। साथ ही मास्टर चाबी, फर्जी नंबर प्लेट बनाने के उपकरण और वाहन नंबर बदलने में इस्तेमाल होने वाला सामान भी जब्त किया गया है।

मामले का खुलासा वैशाली नगर थाना क्षेत्र की जनता कॉलोनी से चोरी हुई एक मारुति ईको कार की जांच के दौरान हुआ। पीड़ित यू. महादेवन ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 20 अप्रैल की रात दुराई राज मिशन स्कूल के पास खड़ी उनकी कार चोरी हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों व मुखबिरों की सूचना के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।

गिरफ्तार आरोपियों में राजगढ़ के ओडपुर निवासी 25 वर्षीय राजेश और वैशाली नगर के बेलाका निवासी 20 वर्षीय मनीष कुमार शामिल हैं। पुलिस के अनुसार आरोपियों में से एक फाइनेंस रिकवरी का कार्य भी करता है।

पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने बताया कि गिरोह मास्टर चाबी की मदद से वाहन चोरी करता था। इसके बाद विशेष उपकरणों की सहायता से वाहनों के इंजन और चेसिस नंबर बदल दिए जाते थे। आरोपी फर्जी नंबर प्लेट तैयार कर लैपटॉप के जरिए कूटरचित दस्तावेज बनाते थे, जिससे चोरी के वाहनों को आसानी से बेचा जा सके।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनमें केटीएम और आर15 जैसी महंगी बाइकें भी शामिल हैं। इसके अलावा एक बोलेरो, एक टेंपो और चोरी हुई मारुति ईको कार भी बरामद की गई है।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने लैपटॉप, फर्जी नंबर प्लेट, हथौड़ी, ग्राइंडर, मास्टर चाबी और चेसिस नंबर बदलने में इस्तेमाल होने वाला डाई सेट भी जब्त किया है। फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस को इस गिरोह से जुड़ी अन्य वारदातों के खुलासे की उम्मीद है।