Crime News: साइकिल पार्ट्स की आड़ में तस्करी, 20 लाख की अवैध शराब जब्त; एक गिरफ्तार

Crime News: डूंगरपुर, राजस्थान-गुजरात सीमा पर स्थित रतनपुर बॉर्डर पर बिछीवाड़ा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए साइकिल पार्ट्स की आड़ में गुजरात ले जाई जा रही करीब 20 लाख रुपये की अवैध शराब से भरा कंटेनर जब्त किया है। पुलिस ने कंटेनर चालक को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार ने बताया कि जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बिछीवाड़ा थानाधिकारी कैलाशचंद्र सोनी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नेशनल हाईवे-48 पर रतनपुर बॉर्डर पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की। इसी दौरान सूचना मिली कि उदयपुर की ओर से आ रहे एक बंद बॉडी कंटेनर में साइकिल पार्ट्स के बीच शराब छिपाकर गुजरात भेजी जा रही है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने कंटेनर को रुकवाकर चालक से पूछताछ की। चालक ने वाहन में केवल साइकिल पार्ट्स होने की बात कही, लेकिन संदेह होने पर जब पुलिस ने गहन तलाशी ली तो साइकिल पार्ट्स के बीच छिपाकर रखे गए शराब के 244 कार्टन बरामद हुए।
पुलिस के अनुसार बरामद शराब चंडीगढ़ निर्मित विभिन्न ब्रांडों की है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 20 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने शराब और कंटेनर को जब्त कर चालक नरेश कुमार (33) पुत्र ओमप्रकाश निवासी ढांड, हरियाणा को गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शराब की खेप गुजरात पहुंचाई जानी थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह खेप गुजरात में किन लोगों तक पहुंचनी थी और इस तस्करी गिरोह में कौन-कौन शामिल हैं? मामले में आगे की जांच जारी है।