Rajasthan: हाई सिक्योरिटी जेल में बंद कुख्यात डकैत जगन गुर्जर की हत्या, जांच में जुटी पुलिस

post 13 (1)

Rajasthan: अजमेर की हाई सिक्योरिटी जेल में सोमवार दोपहर एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। धौलपुर के कुख्यात और चंबल के खूंखार डकैत रहे जगन गुर्जर की जेल के भीतर गला घोंटकर हत्या कर दी गई है। मामले में भरतपुर के चर्चित कुलदीप जघीना हत्याकांड के आरोपी पर हत्या का आरोप है। दोनों बंदी एक ही बैरक में बंद थे।

घटना की सूचना मिलते ही जेल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर पुलिस और जेल प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस जाब्ते के साथ पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई।

मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर को जेल में जगन गुर्जर पर हमला किया गया, जहां प्रथम दृष्टया गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई। सूचना मिलने पर अजमेर पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु जांगिड़, गणेश राम, डिप्टी नॉर्थ मनीष बडगूजर, सिविल लाइंस थाना प्रभारी शंभू सिंह शेखावत सहित कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। जेल प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों और न्यायिक अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।

हाई सिक्योरिटी जेल के भीतर वारदात की भनक लगते ही फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) और मोबाइल इन्वेस्टिगेशन यूनिट (MOB) की टीमों को तुरंत मौके पर बुलाया गया। टीमों ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट, अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य और जरूरी सबूत जुटाए हैं। पुलिस पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।

कौन था जगन गुर्जर?

जगन गुर्जर धौलपुर जिले के डांग क्षेत्र के भवुतीपुरा गांव का निवासी था। वर्ष 1994 में अपने जीजा की हत्या के बाद बदले की भावना में उसने एक व्यक्ति की हत्या कर दी थी। इसके बाद वह चंबल के बीहड़ों में चला गया और अपना गिरोह बना लिया। जगन ने सात साल तक राजस्थान, मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश में फैले चंबल में खूब आंतक मचाया था।

खबर अपडेट की जा रही है

You may have missed