Crime News: महज 200 रुपये के विवाद में नाबालिग बना कातिल, दोस्त की पत्थर से हत्या

Crime News: राजस्थान के कोटा शहर से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहां रेलवे कॉलोनी थाना क्षेत्र में मात्र 100-200 रुपये के मामूली लेन-देन के विवाद में एक 10 वर्षीय मासूम बालक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस मामले में मृतक के ही एक नाबालिग दोस्त पर हत्या का आरोप लगा है। घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।
परिजनों के मुताबिक, उनका बेटा सोमवार दोपहर घर से खेलने की बात कहकर निकला था, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिवार के लोग चिंतित हो गए। काफी तलाश के बाद परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया। जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें बालक अपने एक नाबालिग दोस्त के साथ जाता दिखाई दिया।
पत्थर से हमला कर हत्या करने का आरोप:-
पुलिस पूछताछ में आरोपी नाबालिग ने कथित रूप से घटना से जुड़ी जानकारी दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, 100-200 रुपये के लेन-देन को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी विवाद के चलते आरोपी अपने दोस्त को रेलवे वर्कशॉप के पास स्थित जंगल क्षेत्र में ले गया। वहां दोनों के बीच कहासुनी हुई और गुस्से में आकर आरोपी ने पत्थर से उसके सिर पर कई वार कर दिए, जिससे बालक की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी बेखौफ होकर घर जाकर सो गया। बाद में जंगल क्षेत्र में शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव की स्थिति अत्यंत खराब होने के कारण परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।
पुलिस कर रही गहन जांच:-
घटना की जानकारी मिलते ही एडिशनल एसपी सुभाष चंद्र मिश्रा सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। देर रात रेलवे वर्कशॉप क्षेत्र के पास से शव बरामद किया गया। फिलहाल पुलिस आरोपी नाबालिग और उसके परिजनों से पूछताछ कर रही है।
इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। स्थानीय लोग भी इस बात को लेकर हैरानी जता रहे हैं कि महज 100-200 रुपये के विवाद ने इतना भयावह रूप कैसे ले लिया।