Crime News: दिन में मैकेनिक, रात में कार चोर; 6 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार

post 565 (1)

टोंक। दिन में मैकेनिक का काम करने वाला और रात में लग्जरी कारों की चोरी को अंजाम देने वाला शातिर वाहन चोर आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। ओबीडी पोर्ट हैकिंग तकनीक के जरिए महंगी कारें चुराने वाले छह हजार रुपए के इनामी आरोपी उदय सिंह मीना उर्फ संजय मीना को निवाई पुलिस ने जयपुर से गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी वर्ष 2022 में निवाई क्षेत्र से हुई कार चोरी के मामले में वांछित था। वारदात के बाद से वह लगातार फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए बार-बार अपना ठिकाना और पहचान बदल रहा था। लंबे समय तक गिरफ्तारी नहीं होने पर उस पर छह हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था।

गैराज से दबोचा गया आरोपी :

निवाई थानाधिकारी घासीराम ने बताया कि पुलिस अधीक्षक रोशन मीणा के निर्देश पर गठित विशेष टीम आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर उसकी लोकेशन जयपुर के सांगानेर क्षेत्र स्थित वाटिका रोड के एक गैराज में मिली।

ग्राहक बनकर पहुंची पुलिस टीम :

पुलिस टीम सीधे कार्रवाई करने के बजाय ग्राहक बनकर गैराज में पहुंची। आरोपी की पहचान की पुष्टि होते ही टीम ने उसे घेरकर गिरफ्तार कर लिया। अचानक हुई कार्रवाई से आरोपी संभल नहीं सका।

वाहन चोर गिरोह से जुड़े होने का खुलासा :

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी एक संगठित वाहन चोर गिरोह से जुड़ा हुआ है। गिरोह के सदस्य लग्जरी वाहनों में विभिन्न शहरों में पहुंचकर पहले संभावित वाहनों की रेकी करते थे। वारदात से पहले आसपास के सीसीटीवी कैमरों और निगरानी व्यवस्था का अध्ययन किया जाता था। साथ ही चोरी के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं किया जाता था ताकि लोकेशन ट्रेस न हो सके।

आधुनिक तकनीक से चुराता था कारें :

पुलिस के मुताबिक आरोपी पारंपरिक तरीके के बजाय इलेक्ट्रॉनिक तकनीक का उपयोग कर कार चोरी करता था। चोरी के बाद वाहन को ऐसे रास्तों से ले जाया जाता था जहां निगरानी कम हो। टोल प्लाजा और सीसीटीवी कैमरों से बचते हुए वाहनों को दूसरे जिलों में पहुंचाकर कम कीमत में बेच दिया जाता था।

पुलिस जांच में आरोपी के खिलाफ जयपुर समेत विभिन्न क्षेत्रों में वाहन चोरी के कई मामले सामने आए हैं। पुलिस उससे पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

पुलिस ने बताया कि 20 अप्रैल 2022 को इंदिरा कॉलोनी निवासी विजय रामनानी के घर के बाहर खड़ी वर्ष 2019 मॉडल की कार चोरी हो गई थी। इस संबंध में निवाई थाने में मामला दर्ज किया गया था।